
मेडिकल कॉलेज गेट पर ई-रिक्शों से जाम, ट्रैफिक पुलिस ने काटे चालान
.
#हरदोई। जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज के मुख्य प्रवेश द्वार के आसपास लगातार लग रहे जाम और सड़क पर बेतरतीब खड़े ई-रिक्शों को लेकर सोमवार को यातायात विभाग ने अभियान चलाया। यातायात निरीक्षक प्रमोद यादव के नेतृत्व में टीम ने करीब 11 बजे मेडिकल कॉलेज गेट के आसपास कार्रवाई करते हुए सड़क पर खड़े ई-रिक्शों को हटवाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब आधा दर्जन ई-रिक्शों के चालान किए गए। टीम की कार्रवाई के बाद गेट के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया गया।
बताया गया कि मेडिकल कॉलेज के मुख्य गेट पर सुबह से ही मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों की आवाजाही रहती है। इसी दौरान बड़ी संख्या में ई-रिक्शा चालक सवारियों को बैठाने और उतारने के लिए गेट के आसपास सड़क पर वाहन खड़े कर देते हैं। कई बार ई-रिक्शे एक के पीछे एक खड़े होने से सड़क संकरी हो जाती है और जाम की स्थिति पैदा हो जाती है।
यातायात निरीक्षक प्रमोद यादव ने ई-रिक्शा चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि अस्पताल के मुख्य गेट के सामने दोबारा किसी वाहन की वजह से जाम की स्थिति मिली तो संबंधित वाहन को सीज करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित स्थान पर ही ई-रिक्शा खड़ा करने और अस्पताल के प्रवेश द्वार के सामने यातायात बाधित न करने की अपील की।
#TheTelecast
Hardoi, Hardoi | Sep 14, 2026