
गया डीईओ की बड़ी कार्रवाई, चार शिक्षक निलंबित
गया। जिले में शिक्षा व्यवस्था को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ), गया ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। इन सभी के विरुद्ध प्रथम दृष्टया आरोप परिलक्षित होने के बाद निलंबन की कार्रवाई करते हुए अनुशासनिक कार्यवाही शुरू की गई है। संबंधित आदेश 20 अगस्त 2026 को जारी किए गए हैं।
निलंबित किए गए शिक्षकों में डॉ. संजय कुमार, विशिष्ट शिक्षक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक, +2 राजकीयकृत उच्च विद्यालय ननौक, मानपुर; श्रीमती अर्चना सिन्हा, विशिष्ट शिक्षिका एवं प्रभारी प्रधानाध्यापिका, मध्य विद्यालय छतिहर जमालपुर, कोंच; मो. कमर जावेद, विशिष्ट शिक्षक, मध्य विद्यालय छतिहर जमालपुर, कोंच तथा विजय कुमार, प्रधानाध्यापक, मध्य विद्यालय सिमुआरा, टिकारी शामिल हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच के बाद कार्रवाई
अर्चना सिन्हा और मो. कमर जावेद के मामले में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा त्रिसदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी। समिति की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोनों के विरुद्ध प्रथम दृष्टया आरोप पाए गए, जिसके आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई।
वहीं, डॉ. संजय कुमार के मामले में कार्यक्रम पदाधिकारी, गया से प्राप्त जांच प्रतिवेदन तथा जिला पदाधिकारी, गया के निर्देश के आलोक में कार्रवाई की गई है।
इसी तरह मध्य विद्यालय सिमुआरा, टिकारी के प्रधानाध्यापक विजय कुमार के विरुद्ध प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, कोंच से प्राप्त जांच प्रतिवेदन के आधार पर प्रथम दृष्टया आरोप परिलक्षित होने पर निलंबन किया गया है।
अलग-अलग कार्यालयों में रहेगा मुख्यालय
निलंबन अवधि के दौरान चारों शिक्षकों का मुख्यालय अलग-अलग प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालयों में निर्धारित किया गया है। निलंबित अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। साथ ही सभी मामलों में आरोप पत्र प्रपत्र ‘क’ अलग से जारी किए जाने की बात आदेश में कही गई है।
जिला शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। विभागीय स्तर पर अब अनुशासनिक कार्यवाही के दौरान आरोपों की विस्तृत जांच की जाएगी।