
राजस्थान हाईकोर्ट में चला सेवा का ‘लाल अभियान’, 75 यूनिट रक्तदान
सतीश चंद्र अग्रवाल की 29वीं पुण्यतिथि पर अधिवक्ताओं ने दिखाया सेवाभाव, महिला वकीलों की भी दमदार भागीदारी
जयपुर (जम) राजस्थान हाईकोर्ट परिसर में शनिवार को अदालत की गंभीरता के बीच सेवा और संवेदना का अनूठा नजारा देखने को मिला। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री, सांसद व विधायक रहे स्वर्गीय सतीश चंद्र अग्रवाल की 29वीं पुण्यतिथि पर सतीश चंद्र अग्रवाल सभागार में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।
सतीश चंद्र अग्रवाल मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से हुए शिविर में अधिवक्ताओं, न्यायिक क्षेत्र से जुड़े लोगों और गणमान्य नागरिकों ने उत्साह से रक्तदान किया। महिला अधिवक्ताओं की उल्लेखनीय भागीदारी ने भी शिविर को खास बना दिया। कुल 75 यूनिट रक्त एकत्र हुआ।
शिविर संयोजक अधिवक्ता शशांक अग्रवाल ने बताया कि एकत्रित रक्त जरूरत पड़ने पर अधिवक्ताओं को उपलब्ध कराया जाएगा। इस अवसर पर हाईकोर्ट के कई न्यायाधीशों सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे। ट्रस्ट की ओर से रक्तदाताओं का सम्मान भी किया गया।
आयोजकों ने कहा कि स्वर्गीय सतीश चंद्र अग्रवाल की स्मृति को समाजसेवा से जोड़ते हुए ऐसे सेवा कार्य लगातार किए जा रहे हैं।