किसान की सतर्कता से पकड़ा गया मोटर उपकरण चोर, 13 हजार का सामान बरामद
देवास। सोनकच्छ थाना क्षेत्र में खेत की टापरी का ताला तोड़कर मोटर स्टार्टर और केबल सहित कृषि उपकरण चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। किसान की सतर्कता और डायल-112 की त्वरित कार्रवाई से आरोपी पकड़ में आया।
फरियादी हकम सिंह ने 24 नवंबर को चोरी की सूचना डायल-112 को दी थी। पुलिस ने तकनीकी सहायता से तलाश करते हुए ग्राम ओड़ के तालाब के पास संदिग्ध श्रीराम पिता कैलाश सिसोदिया को चोरी के स्टार्टर और केबल के साथ पकड़ लिया। फरियादी ने सामान की पहचान की। पुलिस ने करीब 13 हजार रुपए का चोरी गया सामान बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ सोनकच्छ थाने में बीएनएस की धारा 303(2) और 331(4) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।