
चंदाना अवैध शराब कांड में दो और गिरफ्तार, नकली शराब तैयार करने के नेटवर्क की जांच तेज
54 लीटर शराब के साथ पहले पकड़े गए थे तीन आरोपी, विवेचना में केमिकल सप्लाई और अवैध वितरण नेटवर्क से जुड़े नाम आए सामने
देवास। चंदाना अवैध शराब प्रकरण में देवास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो और फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेन्द्र मालवीय और राहुल गिरी उर्फ राहुल गोस्वामी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में नकली शराब तैयार करने के प्रयास, इसके लिए केमिकल उपलब्ध कराने और अवैध शराब के वितरण नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है।
मामला 26 अक्टूबर 2026 का है। थाना कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम चंदाना में संदिग्ध मौतों की खबरों के बाद अजय उर्फ अज्जू राठौर, विनोद जायसवाल और रामेश्वर सोनगरा बची हुई शराब की खेप छिपाने के उद्देश्य से सफेद रंग की वरना कार से अम्बेडकर नगर रेलवे क्रॉसिंग की ओर आ रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर कार क्रमांक MP09CF3645 को रोका। तलाशी में छह पेटियों में रखे देशी शराब के 300 क्वार्टर, कुल 54 लीटर शराब बरामद हुई थी। पुलिस ने शराब, कार और मोबाइल फोन जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
इस मामले में कोतवाली थाने पर अपराध क्रमांक 768/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में प्रकरण दर्ज किया गया था। आगे की विवेचना में नकली शराब तैयार करने के प्रयास और अवैध शराब के विक्रय एवं वितरण में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर आबकारी अधिनियम की धारा 42 और 49(क) भी जोड़ी गईं।
इसी विवेचना के आधार पर पुलिस ने गोपाल नगर इटावा निवासी जितेन्द्र मालवीय और नेहरू नगर देवास निवासी राहुल गिरी उर्फ राहुल गोस्वामी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रकरण में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की पड़ताल और पूछताछ जारी है।
नेटवर्क के बाकी किरदारों पर नजर
चंदाना शराब कांड के बाद पुलिस की जांच अब केवल शराब की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। नकली शराब तैयार करने की कोशिश, केमिकल की उपलब्धता और शराब के वितरण से जुड़े नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि विवेचना में इस नेटवर्क से जुड़े और कितने नाम सामने आते हैं।
देवास पुलिस ने नागरिकों से अवैध शराब के सेवन से बचने और निर्माण, परिवहन या बिक्री की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई है। सूचना डायल-112 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 7049125083 पर दी जा सकती है।