
बेतिया में नाबालिग के अपहरण का मामला, पुलिस ने सकुशल बरामद किया
मैनाटांड। पश्चिम चंपारण जिले के मैनाटांड थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां के लिखित आवेदन पर पुलिस ने नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग को मैनाटांड स्थित पुराने बैंक के समीप से सकुशल बरामद कर लिया।
पीड़िता की मां ने आवेदन में आरोप लगाया है कि 17 अगस्त की देर रात आरोपियों ने साजिश के तहत उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए और उसे एक स्थान पर छिपाकर रखा गया। परिजनों को मामले की जानकारी मिलने के बाद खोजबीन शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार, परिजनों की सक्रियता की भनक लगने के बाद किशोरी का ठिकाना बदले जाने की बात सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर छापेमारी शुरू की और पुराने बैंक के समीप से किशोरी को बरामद कर लिया।
प्रभारी थानाध्यक्ष अनीता कुमारी ने बताया कि पीड़िता की मां के आवेदन के आधार पर नौ लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। बरामद किशोरी की नियमानुसार मेडिकल जांच कराई जा रही है और न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मामले की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच तथा न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
Rahui, Nalanda | Aug 22, 2026