
बागपत में घूसखोरी की शिकायत पर एसपी का बड़ा एक्शन, दोघट थाने के तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
बागपत। पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार और लापरवाही के खिलाफ एसपी ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना दोघट में तैनात तीन पुलिसकर्मियों को घूस मांगने और एक व्यक्ति को अनावश्यक परेशान करने की शिकायत मिलने के बाद तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।
मामले में मुख्य आरक्षी अनिल कुमार, मुख्य आरक्षी जितेंद्र और रिक्रूट आरक्षी संतोष पर कार्रवाई की गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि पुलिसकर्मी उसके साथ अभद्र व्यवहार कर रहे थे और उसे अनावश्यक रूप से परेशान करने के साथ रुपयों की मांग कर रहे थे।
शिकायतकर्ता ने कथित तौर पर रुपये मांगने से संबंधित फोन कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी एसपी को सौंपी थी। एसपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए तीनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया।
क्राइम ब्रांच करेगी जांच
एसपी ने पूरे प्रकरण की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपते हुए 24 घंटे के भीतर जांच आख्या मांगी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत उठाया गया महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
#Baghpat #BaghpatPolice #UPPolice #PoliceAction #BreakingNews #सीधीबात
Baghpat, Bagpat | Nov 12, 2026