
जनता दरबार में 60 शिकायतों पर हुई सुनवाई, त्वरित निष्पादन के निर्देश
जहानाबाद। जिला प्रशासन की ओर से आमजनों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार के तहत शुक्रवार को समाहरणालय स्थित ग्राम प्लेक्स भवन में जनता दरबार लगाया गया। जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में कुल 60 शिकायतों एवं आवेदनों की सुनवाई की गई।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को सभी मामलों का नियमानुसार त्वरित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जनता दरबार में जीविका के माध्यम से रोजगार, पुरानी जमाबंदी में सुधार, अतिक्रमण हटाने, विद्युत विपत्र में सुधार, बंटवारा म्यूटेशन, नल-जल योजना एवं चापाकल मरम्मत सहित विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
रतनी फरीदपुर अंचल में पुरानी जमाबंदी सुधार, जहानाबाद सदर अंचल में अतिक्रमण हटाने तथा मोदनगंज अंचल में बंटवारा म्यूटेशन से जुड़े मामलों में संबंधित अंचल अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया गया। विद्युत विपत्र सुधार के मामले में कार्यपालक अभियंता विद्युत को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
पीएचईडी से संबंधित नल-जल एवं चापाकल मरम्मत के मामलों में कार्यपालक अभियंता को पेयजल सुविधा जल्द उपलब्ध कराने तथा आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जीविका के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने से संबंधित आवेदन पर भी नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
भूमि विवाद एवं अतिक्रमण के मामलों की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि अंचल स्तर पर प्रत्येक सप्ताह, अनुमंडल स्तर पर माह में दो बार तथा जिला स्तर पर माह में एक बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए। लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए राजस्व एवं पुलिस पदाधिकारियों के समन्वय से प्राथमिकता के आधार पर उनका निष्पादन किया जाए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि जनता दरबार में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए आमजनों की समस्याओं का संवेदनशील, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
मौके पर जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
#डीएमजहानाबाद #jehanabad #makhadumpur #jehanabadlive #BabaSiddheshwarNath #jehanabadpolice #barabarpahad #सीएमओ #BreakingNews