घोषी में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण, तटबंधों को मजबूत करने में तेजी के निर्देश
जहानाबाद। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर जिला आपदा प्रभारी पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी, घोषी ने शुक्रवार को प्रखंड के बाढ़ प्रभावित एवं संभावित संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान तटबंधों की स्थिति के साथ मरम्मति एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न निचले और कमजोर स्थलों पर मिट्टी भराई कर तटबंधों की ऊंचाई बढ़ाने का कार्य चल रहा था। कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण प्रमंडल, एकंगरसराय तथा संबंधित एजेंसी को कार्य में तेजी लाते हुए प्राथमिकता के आधार पर इसे शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया।
जिन स्थानों पर तटबंध की ऊंचाई कम है, वहां सैंड बैग, जियो-टेक्सटाइल बैग और मिट्टी भराई के साथ कम्पैक्टर से उचित कम्पैक्शन कराने को कहा गया, ताकि बढ़ते जलस्तर के दौरान रिसाव और कटाव की आशंका को कम किया जा सके।
जिला पदाधिकारी ने नदी एवं जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी संवेदनशील स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल सुरक्षात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही अंचल अधिकारी को सभी चिह्नित स्थलों पर चल रहे कार्यों की नियमित निगरानी कर उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कराने को कहा गया।
जिला प्रशासन द्वारा संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों और तटबंधों की लगातार निगरानी की जा रही है।