3,559 आवेदन के बावजूद धीमी रफ्तार पर डीएम सख्त, मिशन मोड में सोलर रूफटॉप लगाने का निर्देश
जहानाबाद। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी एवं त्वरित क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय में जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में योजना के तहत प्राप्त आवेदनों, ऋण स्वीकृति एवं वितरण, सोलर रूफटॉप स्थापना तथा वेंडरवार प्रगति की समीक्षा की गई।
बताया गया कि जिले में अब तक करीब 3,559 आवेदन पोर्टल पर ऑनलाइन किए जा चुके हैं। डीएम ने आवेदन की संख्या बढ़ाने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को मिशन मोड में काम करने तथा अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया।
डीएम ने विद्युत विभाग के सभी कनीय अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे उपभोक्ताओं को चिह्नित करने को कहा, जिनकी मासिक बिजली खपत 300 यूनिट से अधिक है। उन्होंने ऐसे उपभोक्ताओं से व्यक्तिगत एवं घर-घर संपर्क कर योजना के लाभों की जानकारी देने, सोलर रूफटॉप लगाने के लिए प्रेरित करने और अधिकतम कन्वर्जन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) को विभिन्न बैंकों में लंबित ऋण आवेदनों तथा ऋण स्वीकृत होने के बाद डिस्बर्समेंट के लिए लंबित मामलों का सोमवार तक अनिवार्य रूप से निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। डीएम ने स्पष्ट किया कि ऋण प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
योजना से जुड़े सोलर वेंडरों को फील्ड कर्मियों को प्रखंड एवं नगर निकाय स्तर पर टैग कर क्षेत्रवार जिम्मेदारी तय करने का निर्देश दिया गया। पोर्टल पर आवेदन कर चुके सभी लाभुकों से घर-घर संपर्क कर उन्हें सोलर रूफटॉप स्थापना के लिए प्रेरित करने तथा आवेदन से स्थापना तक आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को कहा गया।
डीएम ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि जिन लाभुकों के ऋण का डिस्बर्समेंट हो चुका है, उनके घरों में शत-प्रतिशत सोलर पैनल स्थापना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ऋण वितरण और सोलर इंस्टॉलेशन के बीच के अनावश्यक अंतराल को समाप्त करते हुए स्थापना कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान मोड में काम करते हुए योजना के निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने तथा पात्र उपभोक्ताओं को अधिकाधिक संख्या में योजना से जोड़ने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, सहायक एवं कनीय अभियंता, एलडीएम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।