विद्यार्थी सहयोग पोर्टल से समस्याओं का होगा त्वरित समाधान, डीएम ने समयबद्ध निष्पादन का दिया निर्देश
जहानाबाद। जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में विद्यार्थी सहयोग पोर्टल को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य सरकारी शैक्षणिक संस्थानों एवं छात्रावासों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की शैक्षणिक, आधारभूत सुविधाओं एवं अन्य समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करना था।
जिला पदाधिकारी ने पदाधिकारियों एवं संस्थान प्रमुखों को निर्देश दिया कि पोर्टल के माध्यम से प्राप्त विद्यार्थियों की शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए। निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की शिक्षा, सुविधा और उनकी समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि विद्यार्थी सहयोग पोर्टल राज्य सरकार द्वारा विकसित डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इसके माध्यम से विद्यार्थी शैक्षणिक संस्थान, पठन-पाठन, छात्रावास, आधारभूत सुविधाओं सहित अन्य विषयों से संबंधित शिकायत या सुझाव ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं। पोर्टल पर आवेदन की ऑनलाइन ट्रैकिंग और निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई की व्यवस्था है।
प्रशिक्षण सत्र में पोर्टल की कार्यप्रणाली, आवेदन दर्ज करने, आवेदन की स्थिति की ऑनलाइन निगरानी तथा शिकायतों के निवारण की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई।
डीएम ने सभी शैक्षणिक संस्थानों एवं छात्रावासों के प्रधानों को अपने-अपने परिसर में पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों और उनके निष्पादन की जिला स्तर पर नियमित समीक्षा की जाएगी। समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रशिक्षण में शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों के अलावा जिले के अंगीभूत महाविद्यालयों, अभियंत्रण महाविद्यालय, पॉलिटेक्निक, आईटीआई, पैरामेडिकल कॉलेज एवं नर्सिंग स्कूल के प्रधान शामिल हुए। पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के छात्रावासों के प्रधान और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के प्रधान भी उपस्थित रहे।
डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं संस्थान प्रमुखों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए विद्यार्थी सहयोग पोर्टल को विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान का सशक्त माध्यम बनाने का निर्देश दिया।