
ड्यूटी के दौरान वायुसेना वारंट ऑफिसर कैलाश ठाकुर का निधन, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई
तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही मचा कोहराम, इकलौते बेटे ने दी मुखाग्नि
सारण। राजस्थान में ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से भारतीय वायुसेना के वारंट ऑफिसर कैलाश ठाकुर (51) का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से सारण जिले के मांझी प्रखंड स्थित पैतृक गांव नसीरा में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार की शाम जब उनका पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटा गांव पहुंचा तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। अपने वीर जवान को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे।
जानकारी के अनुसार, कैलाश ठाकुर राजस्थान के बाड़मेर जिले के उत्तरलाई में तैनात थे। करीब दस दिन पहले ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें उपचार के लिए जोधपुर स्थित एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार को इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
सैन्य और विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका पार्थिव शरीर दिल्ली लाया गया। वहां से विमान के माध्यम से पटना एयरपोर्ट पहुंचाया गया। इसके बाद बिहटा एयरफोर्स स्टेशन के जवान विशेष वाहन से पार्थिव शरीर लेकर उनके पैतृक गांव नसीरा पहुंचे।
कैलाश ठाकुर अपने पीछे पत्नी नीतू देवी, इकलौते पुत्र विवेक ठाकुर और पुत्री नंदनी ठाकुर को छोड़ गए हैं। पति के पार्थिव शरीर को देखकर पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं, बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों की आंखें भी नम थीं।
अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। युवाओं ने भारत माता की जय और कैलाश ठाकुर अमर रहें के नारे लगाए। जिला पार्षद फूल सिंह, रालोमो नेता ओमप्रकाश कुशवाहा, राजद नेता गुड्डू कुशवाहा फौजी, उमेश प्रसाद और राजन कुमार समेत कई लोगों ने शोक संतप्त परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की।
गांव में अंतिम दर्शन के बाद उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई। पार्थिव शरीर को सरयू नदी के रिविलगंज स्थित सेमरिया घाट ले जाया गया। वहां भारतीय वायुसेना के अधिकारियों और जवानों ने सशस्त्र सलामी देकर अपने साथी को अंतिम विदाई दी। सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके इकलौते पुत्र विवेक ठाकुर ने पिता को मुखाग्नि दी।