भालूनी धाम चोरी कांड में एसपी की कार्रवाई, ड्यूटी से गायब पुलिसकर्मी निलंबित
सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति की तस्वीर आई सामने, पहचान में जुटी पुलिस
रोहतास जिले के प्रसिद्ध मां भालूनी भवानी धाम में चोरी की घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई की है। रोहतास एसपी श्री राज ने मंदिर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी ली।
एसपी ने बताया कि रात में अज्ञात चोरों द्वारा मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति की तस्वीर सामने आई है। पुलिस फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने में जुटी है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने के लिए जांच की जा रही है।
एसपी ने यह भी बताया कि घटना के दौरान मंदिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी अनुपस्थित थे। इस लापरवाही को लेकर संबंधित पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस चोरी की घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एफएसएल टीम भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है।