मां भालूनी भवानी मंदिर में बड़ी चोरी, मुकुट-पादुका समेत सोने-चांदी के आभूषण ले उड़े चोर
रोहतास जिले के प्रसिद्ध मां भालूनी भवानी धाम में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोर मंदिर से मां के श्रृंगार में इस्तेमाल होने वाले सोने-चांदी के कीमती आभूषण और अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद श्रद्धालुओं में चिंता और आक्रोश का माहौल है।
डीएसपी सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि मंदिर से मां का मुकुट, पादुका, छतरी समेत अन्य सामान चोरी हुआ है। वहीं, पुजारी रविंद्र पांडे ने बताया कि चोर सोने की नथिया, झुमका, चांदी का मुकुट, चरण पादुका, बाघ की आंख सहित अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
बताया जाता है कि दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह ने अपने पहले वेतन से मां के लिए मुकुट बनवाया था। चोर उस मुकुट को भी अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और श्रद्धालु मंदिर परिसर में जुटने लगे।
मंदिर परिसर में पुलिस चौकी भी स्थापित है। पुजारी ने बताया कि रात में कुछ अपरिहार्य कारणों से वे मंदिर में मौजूद नहीं थे। वहीं, रात में रहने वाले दूसरे पुजारी की तबीयत खराब होने के कारण वे भी अपने घर पर थे। ऐसे में रात के समय मंदिर में पुजारी की मौजूदगी नहीं थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे मंदिर परिसर की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी उपकरणों की जांच की जा रही है। एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है।
मौके पर डीएसपी सिंधु शेखर सिंह और बिक्रमगंज एसडीएम दिलीप कुमार मौजूद हैं। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।