
सफलता की कहानी: प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना बनी संकट की घड़ी में लीला बाई के परिवार का आर्थिक संबल
..
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) जरूरतमंद परिवारों के लिए कठिन समय में आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। योजना के तहत शमशाबाद वार्ड नंबर 12 निवासी स्वर्गीय श्री बाबूलाल अहिरवार के आकस्मिक निधन के बाद उनकी धर्मपत्नी एवं नॉमिनी श्रीमती लीला बाई अहिरवार को 2 लाख रुपये की बीमा दावा राशि प्राप्त हुई है।
स्वर्गीय श्री बाबूलाल अहिरवार, पिता श्री मोहनलाल अहिरवार का 19 जुलाई 2026 को आकस्मिक निधन हो गया था। परिवार के मुखिया के निधन से परिजनों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया। ऐसे कठिन समय में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना परिवार के लिए आर्थिक सहारा बनी।
स्वर्गीय बाबूलाल अहिरवार ने अपने बैंक खाते के माध्यम से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ लिया था। उनके निधन के उपरांत मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक, शाखा शमशाबाद द्वारा बीमा कंपनी के समक्ष आवश्यक दावा प्रक्रिया पूर्ण कराई गई। प्रक्रिया पूरी होने के बाद बीमा कंपनी से प्राप्त 2 लाख रुपये की क्लेम राशि उनकी पत्नी एवं नॉमिनी श्रीमती लीला बाई अहिरवार को प्रदान की गई। यह राशि ऐसे समय में परिवार के लिए आर्थिक संबल बनी, जब परिवार अपने मुखिया को खोने के साथ-साथ भविष्य की आर्थिक अनिश्चितता का सामना कर रहा था। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के माध्यम से प्राप्त सहायता ने परिवार को विपरीत परिस्थितियों से उबरने में सहयोग प्रदान किया।
कम प्रीमियम में परिवार को आर्थिक सुरक्षा -
जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक ने आमजन से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में अधिक से अधिक पंजीयन कराने की अपील की है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) दुर्घटना के कारण मृत्यु अथवा निर्धारित स्थायी विकलांगता की स्थिति में 2 लाख रुपये तक का बीमा कवरेज प्रदान करती है, जबकि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) किसी भी कारण से मृत्यु होने पर 2 लाख रुपये का जीवन बीमा कवरेज प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि कम आय वर्ग एवं सामान्य परिवारों के लिए ये योजनाएं अप्रत्याशित परिस्थितियों में महत्वपूर्ण वित्तीय सुरक्षा उपलब्ध कराने में सहायक हैं। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को इन योजनाओं में पंजीयन कराकर इन्हें सक्रिय रखना चाहिए, ताकि किसी अप्रत्याशित घटना की स्थिति में परिवार एवं वारिसों को आर्थिक संबल मिल सके। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत श्रीमती लीला बाई अहिरवार को मिली 2 लाख रुपये की सहायता इस बात का उदाहरण है कि छोटी-सी बीमा सुरक्षा विपरीत परिस्थितियों में परिवार के लिए बड़ी आर्थिक मदद बन सकती है। #vidisha