उप निर्वाचन 2026 को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक, निर्वाचन प्रक्रिया एवं आचार संहिता की दी गई जानकारी
..
मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग, भोपाल द्वारा नगरपालिका एवं पंचायतों के उप निर्वाचन 2026 (पूर्वार्द्ध) के लिए जारी कार्यक्रम एवं समय-सारणी के अनुसार जिले में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई जानी है। इसी क्रम में गुरुवार 3 सितंबर को संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) श्रीमती मोहिनी शर्मा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को उप निर्वाचन कार्यक्रम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए जाने से लेकर नाम निर्देशन पत्रों की जांच, नाम वापसी, मतदान, मतगणना तथा निर्वाचन परिणामों की घोषणा तक की पूरी प्रक्रिया के निर्धारित दिनांक एवं समय की जानकारी दी गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में नगरपालिका परिषद विदिशा के वार्ड क्रमांक 26 में रिक्त पार्षद पद, जनपद पंचायत कुरवाई अंतर्गत ग्राम पंचायत गुदावल में रिक्त सरपंच पद तथा जिले में कुल 13 रिक्त पंच पदों के लिए उप निर्वाचन कराया जाना है। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में आदर्श आचरण संहिता के प्रावधानों से भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया। उन्हें निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम एवं समय-सारणी, रिक्त पदों की जानकारी, संबंधित मतदान केन्द्रों एवं मतदाताओं से संबंधित विवरण तथा आदर्श आचरण संहिता की पुस्तिका उपलब्ध कराई गई। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्वाचन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान करने तथा आदर्श आचरण संहिता का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया।
निर्वाचन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण
उप निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से 3 सितंबर को ही शाम 4:30 बजे से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (व्हीसी) के माध्यम से जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर द्वारा निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में रिटर्निंग ऑफिसर (पंचायत) विदिशा, बासौदा, कुरवाई, सिरोंज एवं लटेरी के मास्टर ट्रेनर, तकनीकी कर्मचारी तथा निर्वाचन कार्य में संलग्न कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान पंचायत उप निर्वाचन की विभिन्न प्रक्रियाओं, निर्वाचन संबंधी दायित्वों तथा आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्य संपादित किए जाने के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
इसी क्रम में नगरपालिका परिषद विदिशा के वार्ड क्रमांक 26 में पार्षद पद के उप निर्वाचन के लिए सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (नगरपालिका परिषद) विदिशा के मास्टर ट्रेनर, तकनीकी कर्मचारियों एवं निर्वाचन कार्य में संलग्न कर्मचारियों को भी प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक बिंदुओं, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियों तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने की जानकारी दी गई। जिला प्रशासन द्वारा उप निर्वाचन से संबंधित सभी तैयारियों को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। Chief Electoral Officer Madhya Pradesh