बरसात में सुरक्षा को देखते हुए दुर्गावती डैम की ऊपरी सड़क पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। जल संसाधन विभाग ने डैम के रोहतास और कैमूर दोनों छोर के मुख्य गेट बंद कर दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, पानी के बढ़ते दबाव और फिसलन के कारण दोपहिया-चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। बताया गया कि पहले कई युवा डैम की ऊपरी सड़क पर दोपहिया वाहनों से खतरनाक स्टंट करते हुए वीडियो बनाते थे और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करते थे। इस तेज गति और लापरवाही के कारण पूर्व में कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इन हादसों की रोकथाम और पर्यटकों की हिफाजत के लिए गेट बंद करने का फैसला लिया गया है। परिसर की निगरानी के लिए कर्मचारियों की भी तैनाती की गई है।