
छठ पर्व पर बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था, 24 घंटे तक बड़े और छोटे वाहनों के परिचालन पर रोक
जमुई मोड़ से विद्यापीठ चौक तक 15 नवंबर दोपहर 12 बजे से 16 नवंबर दोपहर 12 बजे तक लागू रहेगा प्रतिबंध, डीएम और एसपी ने संयुक्त आदेश किया जारी
लखीसराय। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। छठ पर्व के अवसर पर जमुई मोड़ से विद्यापीठ चौक तक वाहनों के परिचालन पर 24 घंटे के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया है।
जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार एवं पुलिस अधीक्षक प्ररणा कुमार द्वारा 13 नवंबर को जारी संयुक्त आदेश के अनुसार, 15 नवंबर को मध्याह्न 12 बजे से 16 नवंबर को मध्याह्न 12 बजे तक उक्त मार्ग पर चारपहिया, तीनपहिया, अन्य छोटे-बड़े तथा भारी वाहनों के परिचालन को निषिद्ध किया गया है।
हालांकि, इस अवधि में आवश्यक सेवाओं को प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है। प्रशासनिक वाहन, पुलिस वाहन, दूध वाहन, एंबुलेंस, पेट्रोल-डीजल आपूर्ति वाहन और अग्निशमन वाहन का परिचालन जारी रहेगा। इसके अलावा आवश्यकतानुसार दोपहिया वाहनों को भी परिचालन की अनुमति दी जा सकेगी।
जारी आदेश में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, खनिज विकास पदाधिकारी एवं यातायात पुलिस उपाधीक्षक को प्रतिबंधित मार्ग पर आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।
वहीं, आदेश की प्रतिलिपि संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी एवं थानाध्यक्षों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
जिला प्रशासन ने छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने की तैयारी की है।