ईद-उल-नबी को लेकर जलालपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, समाजसेवी और पत्रकारों को नहीं बुलाने पर सवाल
जलालपुर। ईद-उल-नबी पर्व को लेकर जलालपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जलालपुर के बीडीओ, शांति समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं जुलूस के लाइसेंसधारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देशों पर चर्चा की गई। प्रशासन की ओर से पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की गई।
हालांकि, बैठक में स्थानीय समाजसेवियों और पत्रकारों को आमंत्रित नहीं किए जाने को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों की भी समाज में महत्वपूर्ण भूमिका होती है, ऐसे में उन्हें बैठक की जानकारी देकर शामिल किया जाता तो बेहतर होता।
बताया गया कि समाजसेवी एवं पत्रकारों को बुलाए बिना ही बैठक संपन्न करा दी गई। इसको लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर शांति समिति की बैठक में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी क्यों नहीं सुनिश्चित की गई।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस संबंध में क्या स्पष्टीकरण देता है।