
मतदाता सूची में गड़बड़ी पर कार्रवाई, दो SDM हटाए गए, ऑपरेटर की सेवा समाप्त
लापरवाही के आरोप में विभागीय जांच के आदेश, मामले में मुकदमा दर्ज कराने के भी निर्देश
#लखनऊ/पीलीभीत। पीलीभीत सदर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में अनियमितताओं की जांच के बाद निर्वाचन अधिकारियों ने कार्रवाई की है। पूरनपुर के एसडीएम मयंक गोस्वामी और अमरिया के एसडीएम हेमंत चौधरी को उनके पद से हटाकर जिला मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। वहीं, मतदाता पंजीकरण केंद्र (VRC) के कंप्यूटर ऑपरेटर अनिल कुमार की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के निर्देश पर हुई जांच में कुछ मतदाताओं के EPIC नंबर ऑनलाइन खोजने पर दूसरे मतदाताओं का विवरण प्रदर्शित होने की गड़बड़ी की पुष्टि हुई। इसके बाद संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। दोनों एसडीएम के विरुद्ध विभागीय जांच भी कराई जाएगी। मामले में विधिक कार्रवाई और मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
यह मामला मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान सामने आया। विपक्षी दलों ने पीलीभीत सदर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए थे, जिसके बाद जांच कराई गई। निर्वाचन विभाग ने संबंधित त्रुटियों को दूर करने के साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों में भी मतदाता सूचियों की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
— द टेलीकास्ट न्यूज़
Hardoi, Hardoi | Oct 22, 2026