
#पाबौ के अंशुमन ढौंडियाल का अंडर-14 नेशनल फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन
पाबौ//जनपद पौड़ी गढ़वाल के पाबौ क्षेत्र के ग्राम पसीणा निवासी अंशुमन ढौंडियाल ने खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भागवत मांटेसरी जूनियर हाई स्कूल, कोटा (पाबौ) के छात्र अंशुमन का अंडर-14 फुटबॉल प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर है।
अंशुमन ढौंडियाल पुत्र सुमन ढौंडियाल आगामी 12 से 17 नवंबर तक मध्य प्रदेश के छतरपुर में आयोजित होने वाली अंडर-14 राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। शरद एवं शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026 में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन नेशनल प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
अंशुमन के चयन पर विद्यालय प्रबंध समिति, प्रधानाध्यापक कबेंद्र नेगी और समस्त विद्यालय स्टाफ ने खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। जिला क्रीड़ा समन्वयक कमल उप्रेती एवं ब्लॉक खेल समन्वयक मातवर चौहान के निर्देशन में आयोजित खेल गतिविधियों के तहत अंशुमन ने यह उपलब्धि हासिल की है।
वहीं जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक पौड़ी, उपशिक्षा अधिकारी पाबौ सहित खेल समन्वयकों एवं अधिकारियों ने भी अंशुमन को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है। अंशुमन की इस सफलता को क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है।
Pauri, Garhwal | Nov 10, 2026