कोट के ऐतिहासिक मैदान में 6 दिसंबर से सजेगा फुटबॉल का रोमांच, 68वें शीतकालीन टूर्नामेंट का होगा आगाज।
पौड़ी। कोट के ऐतिहासिक मैदान में रविवार, 6 दिसंबर 2026 से 68वें ऐतिहासिक शीतकालीन फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ होने जा रहा है। करीब सात दशकों से चली आ रही इस खेल परंपरा को आज की पीढ़ी आगे बढ़ा रही है। कभी 'गिंदू का कौथिक' के नाम से पहचाने जाने वाले इस आयोजन में आसपास के गांवों से बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में मैच देखने पहुंचते थे। मैदान के चारों ओर जगह कम पड़ जाती थी और कोट गांव की छतें तक दर्शकों से भरी रहती थीं। टूर्नामेंट में शुरुआत से ही कोट, कोटसाड़ा और कठूड़ की टीमों का दबदबा रहा, जबकि बाद में पौड़ी, बैंज्वाड़ी और वाजली की टीमों ने भी जीत का परचम लहराया। वर्तमान में सिरोली और खोला की टीमें अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रही हैं। 68वें वर्ष में प्रवेश कर रहा यह आयोजन केवल फुटबॉल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि क्षेत्र की खेल विरासत, परंपरा और सामुदायिक एकजुटता का गौरवशाली प्रतीक है।
Pauri, Garhwal | Nov 13, 2026