रोहतास जिले के बिक्रमगंज-नटवार मुख्य सड़क पर मैधरा गांव के समीप बुधवार को 28 भैंसों से लदे एक कंटेनर को पकड़ा गया है। बताया जाता है कि बिक्रमगंज एसडीएम दिलीप कुमार किसी कार्य से नटवार की ओर जा रहे थे, इसी दौरान मैधरा गांव के समीप उनकी नजर सड़क किनारे खड़े एक संदिग्ध कंटेनर पर पड़ी। संदेह होने पर उन्होंने कंटेनर की गई तो, उसमें ठूंस-ठूंसकर 28 भैंसें लदी मिलीं। पुलिस ने कंटेनर जब्त कर चालक मो. इसरायल और उसके सहयोगी औरंगजेब कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया। एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि दोनों के खिलाफ बिक्रमगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। बरामद सभी भैंसों को सासाराम स्थित पशु गौशाला भेजा जा रहा है। पशुओं को कहां से लाया गया और कहां ले जाया जा रहा था, पुलिस इसकी जांच कर रही है।