
चीनी के अवैध भंडारण पर सख्ती, कालाबाजारी करने वालों पर होगा एक्शन: CM
.
#लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में चीनी की उपलब्धता और भंडारण व्यवस्था को लेकर समीक्षा की। समीक्षा में सामने आया कि प्रदेश की चीनी मिलों में कुल 179.38 लाख क्विंटल चीनी उपलब्ध है। इसमें सहकारी चीनी मिलों में 23.60 लाख क्विंटल, निगम चीनी मिलों में 5.28 लाख क्विंटल और निजी चीनी मिलों में 150.50 लाख क्विंटल चीनी का भंडार है।
मुख्यमंत्री ने चीनी की कालाबाजारी और अनियमित भंडारण पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि 30 दिन से अधिक समय तक चीनी का स्टॉक भंडारित नहीं किया जा सकेगा। वहीं, एक समय में किसी डीलर के पास 400 टन से अधिक चीनी का स्टॉक पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चीनी की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर एस्मा के तहत नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। समीक्षा में किसानों को गन्ने के रिकॉर्ड भुगतान की भी जानकारी दी गई। प्रदेश में करीब 48 लाख किसानों को 3,217 करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान किया गया है। वहीं, आगामी गन्ना पेराई सत्र 15 अक्टूबर से शुरू होने की तैयारी है।
#TheTelecast
Hardoi, Hardoi | Aug 22, 2026