
1.35 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंचे 14.88 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री ने डीबीटी से भेजी अक्टूबर की पेंशन
जहानाबाद :बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुकों को अक्टूबर माह की पेंशन राशि जारी कर दी है। मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से डीबीटी के जरिए लाभुकों के बैंक खातों में पेंशन की राशि अंतरित की। इस दौरान जहानाबाद जिले के 1,35,285 पेंशनधारियों के खातों में कुल 14 करोड़ 88 लाख 13 हजार 500 रुपये भेजे गए।इस अवसर पर जिले के समाहरणालय परिसर स्थित ग्राम प्लेक्स सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पेंशनधारियों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।जिला पदाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार वृद्धजनों, विधवा महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से 11 अगस्त 2025 को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रतिमाह की गई थी।कार्यक्रम के दौरान डीएम ने पेंशनधारियों की समस्याएं भी सुनीं। पांच लाभुकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया गया। साथ ही संबंधित अभिलेखों को अद्यतन करने का निर्देश दिया गया।
डीएम ने जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराने वाले पेंशनधारियों से अगले सात दिनों के भीतर नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर जाकर ऑनलाइन जीवन प्रमाणीकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर प्रमाणीकरण नहीं कराने से पेंशन भुगतान में परेशानी हो सकती है।
इस कार्य में तेजी लाने के लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, कार्यपालक सहायकों, विकास मित्रों एवं पंचायत सचिवों को भी निर्देश दिया गया है कि वे छूटे हुए लाभुकों की पहचान कर उनका जीवन प्रमाणीकरण सुनिश्चित कराएं।कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष, अपर समाहर्ता अनिल कुमार सिन्हा, तेज नारायण राय, सहायक निदेशक अर्पणा झा सहित अन्य पदाधिकारी एवं पेंशनधारी उपस्थित थे।