
जालौन में 9,786 किशोरियों को लगेगा एचपीवी का टीका
03 से 17 सितंबर तक चलेगा अभियान, विद्यालयों में शत-प्रतिशत टीकाकरण पर जोर
उरई (जालौन)। किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जनपद में एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक एवं धर्मगुरु सहभागिता सम्मेलन आयोजित किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के तहत जिले की 9,786 पात्र किशोरियों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अभियान 3 से 17 सितंबर तक चलेगा। इसमें ऐसी 14 वर्ष की किशोरियों को टीका लगाया जाएगा, जिनका 14वां जन्मदिन हो चुका है और 15वां जन्मदिन अभी नहीं हुआ है। निर्धारित लक्ष्य के तहत 10 सितंबर तक अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं को टीकाकरण से आच्छादित करने का प्रयास किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने विद्यालयों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज समेत सभी संबंधित विद्यालयों में पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक एवं विद्यालय प्रबंधन किशोरियों और उनके अभिभावकों को एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर से बचाव तथा टीके के महत्व की सही जानकारी दें।
डीएम ने राजकीय मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक को कांशीराम कॉलोनी में विशेष कैंप लगाकर लक्षित बालिकाओं का टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। जिला महिला एवं पुरुष चिकित्सालयों में व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ टीकाकरण के बाद होने वाली प्रतिकूल घटनाओं (एईएफआई) के प्रबंधन की व्यवस्था रखने तथा ओपीडी में आने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को टीके के लाभ की जानकारी देने को कहा।
आशा, एएनएम, सीएचओ और अन्य स्वास्थ्यकर्मी लक्षित परिवारों से संपर्क कर उन्हें जागरूक करेंगे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि अभियान में गार्डासिल (क्वाड्रिवैलेंट) वैक्सीन का प्रयोग किया जाएगा। टीकाकरण जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर/उपकेंद्रों के साथ बड़े विद्यालयों में भी किया जाएगा।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जिले में 9,786 किशोरियों के एचपीवी टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों ने बताया कि अभिभावक की लिखित या यू-विन पोर्टल से डिजिटल सहमति के बाद ही टीका लगाया जाएगा। डीएम ने विभागों को समन्वय बनाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
Orai, Jalaun | Sep 3, 2026