
लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कल मतदान, प्रशासन ने पूरी की तैयारी
9 जोन और 45 सेक्टर में बांटा गया जिला | 1,16,491 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
#लखनऊ। विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए कल मतदान होगा। जिला प्रशासन ने मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी विशाख जी ने निर्वाचन व्यवस्था के लिए 9 जोन और 45 सेक्टर निर्धारित किए हैं। मतदान संपन्न कराने के लिए कुल 259 पोलिंग पार्टियां गठित की गई हैं और 259 माइक्रो आब्जर्वर तैनात किए गए हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 138 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 121 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 96,070 तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 20,421 मतदाता पंजीकृत हैं। इस प्रकार दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 1,16,491 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में प्रचार प्रतिबंधित:
प्रशासन ने मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की प्रचार गतिविधि पर प्रतिबंध लगाया है। इस क्षेत्र में पार्टी टेबल लगाने, पोस्टर, बैनर, झंडे, लाउडस्पीकर और अन्य प्रचार सामग्री के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी।
पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य:
मतदान के लिए मतदाताओं को फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। यदि किसी मतदाता के पास फोटो पहचान पत्र उपलब्ध नहीं है, तो निर्धारित वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों के रूप में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड अथवा भारतीय पासपोर्ट दिखाकर मतदान किया जा सकेगा। जिला प्रशासन ने मतदाताओं से निर्धारित मतदान केंद्र पर पहुंचकर शांतिपूर्ण ढंग से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।
#TheTelecast.
Hardoi, Hardoi | Oct 22, 2026