नाबालिग का पीछा कर हाथ पकड़ा, शादी के लिए बनाया दबाव; परिवार को दी जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार
पीपलरावां पुलिस ने घटना के दिन ही आरोपी को पकड़ा, न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा
देवास। पीपलरावां थाना क्षेत्र में नाबालिग का पीछा कर उसके साथ छेड़छाड़ और शादी के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के दिन ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को आरोपी लाखन उर्फ बंटी सिसोदिया (20), निवासी ग्राम लकुमड़ी, ने नाबालिग का पीछा कर बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़ा और शादी करने के लिए कहा। पीड़िता के इनकार करने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
मामले में पीड़िता की शिकायत पर थाना पीपलरावां में अपराध क्रमांक 402/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 75(2), 351(3) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 में प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।