
मान्यता प्राप्त खेल संघों को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश
हरदोई। जिला खेल कार्यालय की ओर से जनपद में मान्यता प्राप्त एवं संबद्ध खेल संघों के पदाधिकारियों को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं। जिला क्रीड़ाधिकारी मंजू शर्मा ने सभी संबंधित खेल संघों से अपनी मान्यता अथवा संबद्धता का प्रमाण पत्र जिला खेल कार्यालय में उपलब्ध कराने की अपील की है।
जिला क्रीड़ाधिकारी द्वारा जारी प्रेस नोट में बताया गया है कि खेल विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से विभिन्न स्तरों पर आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए मान्यता प्राप्त एवं संबद्ध खेल संघों के साथ बेहतर समन्वय आवश्यक है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि विभिन्न स्तरों की खेल प्रतियोगिताओं में जिले के मान्यता प्राप्त एवं संबद्ध खेल संघों के पदाधिकारियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाना है। इसी क्रम में जनपद हरदोई के सभी उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ से मान्यता अथवा संबद्धता प्राप्त जिला खेल संघों से अपना मान्यता/संबद्धता प्रमाण पत्र जिला खेल कार्यालय, हरदोई में उपलब्ध कराने को कहा गया है।
जिला क्रीड़ाधिकारी ने संबंधित खेल संघों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, ताकि आगामी खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन में विभाग और खेल संघों के बीच समुचित समन्वय स्थापित किया जा सके।