
हरदोई में 10 खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले, पिहानी का अतिरिक्त प्रभार अनिल झा को
हरदोई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद जनपद के 10 खंड शिक्षा अधिकारियों की नवीन तैनाती एवं अतिरिक्त प्रभार के आदेश जारी किए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात मिश्र द्वारा जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल नवीन तैनाती अथवा अतिरिक्त प्रभार वाले क्षेत्र में कार्यभार ग्रहण कर इसकी सूचना कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार राजेन्द्र सिंह को भरावन, प्रभाकर सिंह तोमर को टड़ियावां, राकेश कुमार सिंह को बावन, सीमा गौतम को बेहन्दर तथा सपना रावत को नगर क्षेत्र हरदोई की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं कृष्ण कुमार त्रिपाठी को कोथावां के साथ कछौना का अतिरिक्त प्रभार, प्रियंका सिंह को संडीला तथा अनिल कुमार झा को हरियावां के साथ पिहानी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा रतन लाल को शाहाबाद के साथ टोडरपुर तथा डीएल राणा को सुरसा के साथ खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
इस फेरबदल के बाद पिहानी की खंड शिक्षा अधिकारी प्रियंका सिंह की नवीन तैनाती संडीला कर दी गई है, जबकि पिहानी का अतिरिक्त प्रभार अब हरियावां के खंड शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार झा संभालेंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक शिक्षा) तथा संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं अनुपालन के लिए भेजी गई है।