
3 करोड़ से अधिक की आय से अधिक संपत्ति का मामला, छपरा में SVU की छापेमारी
छपरा में शुक्रवार को विशेष निगरानी इकाई (SVU) की कार्रवाई से लघु जल संसाधन विभाग में हलचल मच गई। SVU की टीम डाक बंगला रोड स्थित गंडक कॉलोनी के विभागीय कार्यालय पहुंची और अधीक्षण अभियंता राजेंद्र प्रसाद के कार्यालय कक्ष की जांच की।
करीब छह अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने कक्ष में मौजूद फाइलों और दस्तावेजों को खंगाला। कार्रवाई के दौरान कार्यालय के मुख्य द्वार पर पुलिस बल की तैनाती रही और परिसर में आने-जाने वालों पर निगरानी रखी गई।
यह कार्रवाई अधीक्षण अभियंता राजेंद्र प्रसाद के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जांच एजेंसी को उनकी आय की तुलना में करीब 3 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति से जुड़े तथ्य मिले हैं।
जांच में महाराष्ट्र के पनवेल इलाके में जमीन में निवेश की जानकारी भी सामने आने की बात कही जा रही है। बताया गया है कि करीब 75 डिसमिल जमीन में निवेश किया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1.75 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसी मामले में पटना स्थित जल भवन और अन्य ठिकानों पर भी कार्रवाई की जानकारी है।
खास बात यह रही कि SVU की टीम जब छपरा कार्यालय पहुंची, उस समय अधीक्षण अभियंता राजेंद्र प्रसाद वहां मौजूद नहीं थे। बताया गया कि उनका मुख्य पदस्थापन पटना में है और उन्हें हाल में सारण प्रमंडल के अधीक्षण अभियंता का अतिरिक्त प्रभार मिला है।
करीब एक घंटे तक चली जांच के बाद SVU की टीम वापस रवाना हो गई। हालांकि, टीम को क्या-क्या मिला या कोई दस्तावेज/डिजिटल सामग्री जब्त की गई या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
अब सभी की नजर SVU की आधिकारिक रिपोर्ट पर है। जांच पूरी होने के बाद ही आय से अधिक संपत्ति और अन्य निवेश से जुड़े आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
#Chhapra #Saran #SVU #BiharNews #Vigilance ChhapraNews KaawKaawNews
Chapra, Saran | Sep 11, 2026