
सम्यक बिहार कॉलोनी में घर के आंगन से बेच रहा था अंग्रेजी शराब, 67 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने 155 क्वार्टर यानी करीब 28 लीटर शराब की जब्त, आरोपी पर पहले से दर्ज हैं तीन आपराधिक मामले
देवास। शहर की सम्यक बिहार कॉलोनी में अवैध शराब का कारोबार कर रहे 67 वर्षीय व्यक्ति को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर के आंगन से तीन ब्रांड की 155 क्वार्टर (करीब 28 लीटर) अंग्रेजी शराब जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सम्यक बिहार कॉलोनी में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। टीम ने मौके पर दबिश दी तो आरोपी शराब के कार्टून लेकर आंगन में बैठा मिला। पुलिस को देखकर उसने घर के अंदर भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मदनलाल उर्फ राधामोहन शर्मा (67) निवासी सम्यक बिहार कॉलोनी के रूप में हुई है। उसके कब्जे से लंदन प्राइड के 115, आरसी के 30 और 8PM व्हिस्की के 10 क्वार्टर बरामद हुए। आरोपी शराब के संग्रह और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध पहले भी जुआ एक्ट और मारपीट के तीन मामले दर्ज हैं।