
*बस्ती: किसानों का दल सात दिवसीय प्रशिक्षण के लिए पंतनगर रवाना, कृषि भवन से दिखाई गई हरी झंडी*
*जनपद बस्ती, 09 सितम्बर 2026।* वित्तीय वर्ष 2026-27 में केन्द्र पुरोनिधानित सपोर्ट टू स्टेट एक्सटेंशन प्रोग्राम्स फॉर एक्सटेंशन रिफार्म्स योजना के अंतर्गत संचालित नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन योजना के तहत सात दिवसीय अन्तर्राज्यीय प्रशिक्षण/भ्रमण के लिए 60 किसानों के दल को मंगलवार को कृषि भवन बस्ती से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
उक्त जानकारी उप कृषि निदेशक अशोक कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि जनपद के प्रत्येक विकास खण्ड से 4 कृषक तथा विकास खण्ड साऊंघाट से 08 कृषक इस प्रकार कुल 60 किसानों का चयन किया गया है। यह दल उत्तराखण्ड स्थित प्रसिद्ध *आचार्य गोविन्द बल्लभ पन्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर* में सात दिवसीय प्रशिक्षण व भ्रमण कार्यक्रम में प्रतिभाग करेगा।
कृषक दल को विधायक प्रतिनिधि *सरोज मिश्र*, संयुक्त कृषि निदेशक *राम बचन राम*, उप कृषि निदेशक *अशोक कुमार*, जिला कृषि अधिकारी *डॉ. बाबूराम मौर्य* ने संयुक्त रूप से कृषि भवन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान किसानों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य किसानों को उन्नत खेती की नई तकनीकों से रूबरू कराना है। पंतनगर विश्वविद्यालय में किसानों को मोटे अनाज श्री अन्न, जैविक खेती, बीज उत्पादन, फसल विविधीकरण, जल प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य और कृषि यंत्रीकरण के बारे में वैज्ञानिकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसान वहां से नई तकनीक सीखकर अपने खेतों में प्रयोग करेंगे तो निश्चित रूप से उत्पादन बढ़ेगा और लागत घटेगी। इससे किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को गति मिलेगी। यह योजना किसानों को प्रदेश से बाहर की उन्नत कृषि पद्धतियों से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Sep 9, 2026