जनपद बस्ती ,उत्तर प्रदेश 12 सितंबर 2026
*बस्ती में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन, 65,724 वाद निस्तारित, 14 बिछड़े दंपत्ति फिर साथ*
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा उ.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती द्वारा आज राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारम्भ न्यायमूर्ति राम मनोहर नारायण मिश्र, प्रशासनिक न्यायमूर्ति, बस्ती मण्डल द्वारा ज्ञान की देवी सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक न्यायमूर्ति एक दिवसीय दौरे पर जिला एवं सत्र न्यायालय बस्ती पहुँचे थे।
जनपद न्यायाधीश शमसुल हक ने लाइव प्लांट देकर, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री देवेन्द्र कुमार-प्रथम ने बुके देकर स्वागत किया।
प्रशासनिक न्यायमूर्ति ने इस अवसर पर जिला कारागार बस्ती की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा न्यायालय परिसर में न्यायिक अधिकारियों के साथ वृक्षारोपण किया। न्यायालय परिसर में बैंकों के स्टॉल का निरीक्षण किया। अपर जिला एवं सत्र न्यायालय (ई.सी. एक्ट) के निरीक्षण के दौरान लोक अदालत में नियत वादों के बारे में जानकारी ली।
तत्पश्चात न्यायमूर्ति परिवार न्यायालय पहुँचे, जहाँ सुलह-समझौते के आधार पर सहमत दंपत्तियों ने एक दूसरे को माला पहनाई। प्रशासनिक न्यायमूर्ति ने साथ-साथ रहने को तैयार दंपत्तियों को बधाई दी तथा उनके सुखमय जीवन की शुभकामनाएँ दी। परिवार न्यायालय से कुल 51 वाद निस्तारित हुए, जिनमें से 14 दंपत्ति सुलह समझौते के आधार पर साथ-साथ रहने को तैयार हुए।
न्यायमूर्ति महोदय ने बार के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। समस्त न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक कर न्याय में पारदर्शिता, समय पर न्यायालय आने, माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा निर्धारित प्रारूप के अनुरूप निर्णय पारित करने तथा साक्ष्यों के मूल्यांकन पर अधिक ध्यान देते हुए निर्णय लेखन करने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद न्यायालय की इन्फ्रास्ट्रक्चर कमेटी के साथ भी बैठक की।
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शमसुल हक के कुशल मार्गदर्शन में जनपद न्यायालय परिसर, सभी ग्राम न्यायालय, सभी तहसीलों, राजस्व न्यायालय व कलेक्ट्रेट में सफलतापूर्वक किया गया। जिसमें नोडल अधिकारी/अपर जिला जज प्रमोद कुमार गिरि, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवेन्द्र कुमार-प्रथम, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह एवं अन्य विभागों का सराहनीय योगदान रहा।
*लोक अदालत के आँकड़े -*
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा अवगत कराया गया कि -
मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण से कुल 111 मामले निस्तारित, ₹41,11,70,000 की क्षतिपूर्ति प्रदान की गई।
भूमि अर्जन प्राधिकरण से 1 मामला, उपभोक्ता फोरम से 67 मामले निस्तारित। विभिन्न न्यायालयों से कुल 3186 मामले निस्तारित।
- प्री-लिटिगेशन स्तर पर 62,538 मामलों का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर। *इस प्रकार कुल 65,724 वाद निस्तारित हुए एवं कुल ₹5,92,39,413 की धनराशि वसूल की गई।
इस राष्ट्रीय लोक अदालत में पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण मो0 रिजवानुल हक, भूमि अर्जन प्राधिकरण के पीठासीन अधिकारी बाबू राम, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय कु0 आराधना रानी, उपभोक्ता फोरम अमरजीत वर्मा, स्थायी लोक अदालत अध्यक्ष राकेश कुमार शुक्ला, अपर जिला जज प्रथम कमलेश कुमार, अपर जिला जज एससी/एसटी एक्ट रामकरन यादव, नोडल अधिकारी प्रमोद कुमार गिरि सहित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संदीप, सिविल जज सी.डी. श्रीमती साबिहा खातून, एसीजेएम प्रथम राज बाबू, एसीजेएम द्वितीय आरिफ अहमद अंसारी समेत समस्त न्यायिक अधिकारीगण ने प्रतिभाग किया।
इस दौरान जिला कारागार बस्ती में निरुद्ध बंदियों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प कला तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन विभाग की ओर से एक जिला एक उत्पाद के तहत उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन द्वारा क्रय भी किया गया।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Sep 12, 2026