
• मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत बलोंडिया में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
• राजस्व मंत्री ने ग्रामीणों से किया संवाद, सुनी समस्याएं और अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
• शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना और जनसमस्याओं का शीघ्र निराकरण अभियान का प्रमुख उद्देश्य
• शासकीय सेवक पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता से करें जनता की सेवा
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत इछावर विकासखंड के ग्राम बलोंडिया में जिला स्तरीय शिविर एवं भ्रमण आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा शामिल हुए। उन्होंने ग्रामवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने भी ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याओं और मांगों को सुना।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और प्रशासन को आमजन के और अधिक निकट लाना है। शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे तथा ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान हो, इसी उद्देश्य से जिले के विभिन्न ग्रामों में अधिकारियों द्वारा भ्रमण एवं शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी-कर्मचारी ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनका निराकरण कर आमजन को शीघ्र राहत प्रदान करें।
राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य गरीब, किसान, महिला, युवा, श्रमिक एवं जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वच्छ ईंधन की सुविधा मिली है। पात्र परिवारों को निशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ दिया जा रहा है, वहीं महिलाओं एवं माताओं के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित अनेक योजनाएं संचालित हैं।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की जनकल्याणकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे। ग्राम स्तर पर योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाए। राजस्व मंत्री ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि शासकीय सेवक जनता की सेवा के लिए हैं। इसलिए प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं को सुनकर उनके निराकरण में अनावश्यक विलंब न किया जाए। जिन समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर संभव है, उनका तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा जिन प्रकरणों में उच्च स्तर से कार्यवाही आवश्यक है, उन्हें समय-सीमा में संबंधित स्तर पर भेजकर उसका निराकरण कराया जाए।
ग्रामीणों की मांग पर बलोंडिया-नवलपुरा-झागरिया मार्ग निर्माण की बात
कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों द्वारा क्षेत्र की विभिन्न आवश्यकताओं एवं समस्याओं से राजस्व मंत्री को अवगत कराया गया। ग्रामीणों ने बलोंडिया से नवलपुरा होते हुए झागरिया तक सड़क निर्माण की मांग रखी। राजस्व मंत्री ने ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से सुना और सड़क निर्माण की बात कही। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों की आवागमन सुविधा को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
मंच से पूछा योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं
राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए पूछा कि उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, राशन, आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में ग्रामीणों से जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ योजनाओं की वास्तविक स्थिति की भी जानकारी प्राप्त करें। यदि किसी पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ नहीं मिला है तो उसके कारणों की जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
कलेक्टर और एसपी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने भी ग्रामीणों से संवाद किया। कलेक्टर ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं और मांगों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित भ्रमण और शिविर केवल औपचारिक कार्यक्रम न होकर ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनें।
शिविर में एसडीएम श्रीमती स्वाति मिश्रा, जनपद सीईओ श्रीमती रूशाली पोरस, श्री पंकज गुप्ता, श्री जगदीश पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore