
गोपामऊ में बसपा का कैडर कैंप, प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
बसपा का शक्ति प्रदर्शन, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
#हरदोई/टड़ियावां। गोपामऊ विधानसभा क्षेत्र के कालाआम बाग में मंगलवार को बहुजन समाज पार्टी की ओर से ‘अपना बूथ सबसे मजबूत’ अभियान के तहत सेक्टर-बूथ कमेटी समीक्षा बैठक एवं कैडर कैंप आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सामाजिक गठबंधन के आधार पर उत्तर प्रदेश में पांचवीं बार सरकार बनाने का लक्ष्य रखा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम आयोजक एवं गोपामऊ विधानसभा प्रभारी व प्रत्याशी अनिल कुमार गौतम ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के गठन के बाद करीब 15 वर्षों में अपेक्षित विकास नहीं हुआ है। उन्होंने जनता से इस अवधि में हुए विकास कार्यों का हिसाब अपने विधायक से मांगने की अपील की।
बसपा नेता डॉ. अंजार हुसैन ने कहा कि दलित, पिछड़े और गरीब वर्गों के हितों एवं विकास के लिए बसपा सरकारों ने महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार में पूंजीपतियों के हितों को प्राथमिकता दी जा रही है।
कार्यक्रम में शामिल होने से पहले कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकाली। विभिन्न स्थानों पर रैली का स्वागत किया गया। बैठक की अध्यक्षता बसपा जिलाध्यक्ष राजपाल गौतम ने की। इस दौरान आईपी सिंह दोहरी, अमर सिंह, अमित कुमार वर्मा, मुजम्मिल अली, अंकुल वर्मा और धीरज समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सपा छोड़कर कई लोगों ने ग्रहण की बसपा की सदस्यता
बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी छोड़कर कई लोगों ने बसपा की सदस्यता ग्रहण की। जिलाध्यक्ष राजपाल गौतम और गोपामऊ विधानसभा प्रत्याशी अनिल कुमार गौतम की अगुवाई में पार्टी में शामिल होने वालों में मोहम्मद हनीफ अंसारी, मोहम्मद बल्ला खान, मिथिलेश जोशी, सुनील कुमार, बंटी बाबू, मोहम्मद आमिर हसन खान, मोहम्मद इलियास कुरैशी, मोहम्मद आजम, मोहम्मद रफीउल्ला खान, मोहम्मद इरफान खान उर्फ लाला, मोहम्मद मजीद खान, मोहम्मद रफीउद्दीन सलमानी, डॉ. शाबान खान, मो. नजीब अहमद और मो. अखलाख हुसैन शामिल रहे।
नवनियुक्त सदस्यों ने बसपा में अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए पार्टी प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
#रिपोर्ट:विनय गुप्ता/द टेलीकास्ट न्यूज
Hardoi, Hardoi | Oct 21, 2026