
टड़ियावां पुलिस ने पंपिंग सेट चोरी के आरोपी को किया गिरफ्तार, चोरी की बाइक समेत दो पंपिंग सेट बरामद
सीतापुर निवासी 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार, हरदोई और सीतापुर समेत कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे
#हरदोई। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक पश्चिमी एवं क्षेत्राधिकारी हरियावां के पर्यवेक्षण में टड़ियावां पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल और दो पंपिंग सेट बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को गश्त एवं चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पवन यादव (22) पुत्र भगवानदीन निवासी ग्राम बिजौली, थाना पिसावां, जनपद सीतापुर को हिरासत में लिया गया। आरोपी के विरुद्ध 17 अक्टूबर को ग्राम महमदापुर निवासी उपकार का फील्ड मार्शल सिंचाई पंप चोरी होने के मामले में थाना टड़ियावां में मुकदमा अपराध संख्या 571/26 दर्ज था।
तलाशी एवं पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UP34AP6039) और एक पंपिंग सेट बरामद हुआ। जांच में मोटरसाइकिल थाना संदना, सीतापुर से चोरी होना पाया गया, जिसके संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 286/2026 दर्ज है। वहीं, आरोपी की निशानदेही पर एक अन्य पंपिंग सेट भी बरामद किया गया। आरोपी ने इसे करीब एक वर्ष पूर्व ग्राम दुबघटिया निवासी रमेश सिंह का चोरी करना बताया।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध हरदोई, सीतापुर और लखनऊ के विभिन्न थानों में चोरी एवं अन्य धाराओं में कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
प्रभारी निरीक्षक इख्तियार हुसैन, उपनिरीक्षक रजत त्रिपाठी, कार्तिक कुमार तथा कांस्टेबल मोहित खोखर, सुमित कुमार और विशाल पाण्डेय शामिल रहे।
#रिपोर्ट: विनय गुप्ता द टेलीकास्ट न्यूज
Hardoi, Hardoi | Nov 15, 2026