स्लम बस्ती के बच्चों के चेहरों पर बिखरी दीपावली की खुशियां, एक प्रयास मंच ने पटाखे, चॉकलेट और पढ़ाई की सामग्री बांटकर जगाई उम्मीद की नई रोशनी
दीपावली की असली रोशनी सिर्फ घरों के दीयों में नहीं, बल्कि उन चेहरों की मुस्कान में भी होती है, जिन्हें खुशियां बांटने वाला कोई मिल जाए। इसी सोच के साथ मुजफ्फरपुर में एक प्रयास मंच ने जरूरतमंद बच्चों के बीच दीपावली की खुशियां बांटने की अनूठी पहल की।
दरअसल, 4 नवंबर को पुरानी गुदरी स्थित अंबेडकर नगर में मंच की ओर से 'हर घर दीपावली, बच्चों की खुशहाली' कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों के बीच छुछुरी, चॉकलेट और पठन-पाठन की सामग्री वितरित की गई। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उनकी खुशियां देखते ही बन रही थीं।
मंच के संस्थापक संजय रजक ने बताया कि संस्था लगातार स्लम बस्तियों में शिक्षा के प्रति जागरूकता अभियान चलाती है, ताकि जरूरतमंद बच्चे भी शिक्षा हासिल कर अपने परिवार और समाज का नाम रोशन कर सकें।
उन्होंने कहा कि त्योहारों पर बच्चों के बीच खुशियां बांटने की यह पहल आगे भी जारी रहेगी।
#TirhutNow #EkPrayasManch #DiwaliCelebration #MuzaffarpurNews #HappyChildren
Musahri, Muzaffarpur | Nov 4, 2026