छठ को लेकर मुजफ्फरपुर प्रशासन अलर्ट! DM-SSP ने किया घाटों का निरीक्षण, अखाड़ाघाट पर पूजा प्रतिबंधित
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। छठव्रतियों की सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा और घाटों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक और नगर आयुक्त ने संयुक्त रूप से विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।
इस दौरान सीढ़ी घाट, अखाड़ाघाट, लकड़ीढाई घाट, साहू पोखर और तीन पोखरिया सहित कई प्रमुख घाटों की तैयारियों का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने महापौर, पूजा समितियों के प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनके सुझाव भी लिए।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस बार छठ घाटों पर सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल, चेंजिंग रूम, शौचालय, पार्किंग, सीसीटीवी कैमरे, वाच टावर और नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की जाएगी। सुरक्षा के लिए डबल बैरिकेडिंग भी होगी। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की तैनाती के साथ एंबुलेंस एवं मेडिकल टीम भी मुस्तैद रहेगी।
वहीं, पुल निर्माण कार्य के कारण अखाड़ाघाट को खतरनाक घोषित किया गया है। प्रशासन ने यहां छठ पूजा पर प्रतिबंध लगा दिया है और श्रद्धालुओं से आसपास के सुरक्षित घाटों पर जाने की अपील की है।
बता दें कि 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व शुरू होगा। 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को प्रातः अर्घ्य दिया जाएगा।
अब देखना होगा कि प्रशासन की ये तैयारियां छठव्रतियों के लिए कितनी सुरक्षित और सुविधाजनक साबित होती हैं।
#TirhutNow #MuzaffarpurNews #ChhathPuja2026 #MuzaffarpurAdministration #Akharaghat
Musahri, Muzaffarpur | Nov 4, 2026