रौतिनिया डंपिंग प्वाइंट पर ग्रामीणों का विस्फोटक विरोध! निगम अधिकारियों को बनाया बंधक, 18 नवंबर से NH-722 जाम की चेतावनी
मुजफ्फरपुर के रौतिनिया डंपिंग प्वाइंट पर कचरे की समस्या अब ग्रामीणों के सब्र का बांध तोड़ने लगी है। मरे हुए मवेशियों और कचरे से उठ रही असहनीय दुर्गंध के खिलाफ बुधवार को ग्रामीणों ने ऐसा विरोध जताया कि नगर निगम के अधिकारियों को करीब डेढ़ घंटे तक बंधक रहना पड़ा।
दरअसल, कचरे के समुचित निष्पादन नहीं होने से आसपास के गांवों के लोगों के साथ-साथ रेवा रोड से गुजरने वाले राहगीरों को भी भारी परेशानी हो रही है। इसी समस्या को लेकर मौके पर पहुंचे नगर निगम के उप आयुक्त अमित कुमार समेत अधिकारियों और कर्मचारियों को आक्रोशित ग्रामीणों ने कार्यालय में बंद कर दिया और जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों की मांग थी कि जिलाधिकारी और नगर निगम आयुक्त मौके पर पहुंचकर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करें।
मामले की सूचना पर कांटी विधायक ई. अजीत कुमार और मड़वन सीओ पुष्कल कुमार पहुंचे। विधायक ने जिलाधिकारी से फोन पर बातचीत की। एक सप्ताह के भीतर बैठक कर समाधान निकालने के आश्वासन के बाद अधिकारियों को मुक्त कराया गया।
विधायक ने दो टूक चेतावनी दी है कि 17 नवंबर तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो 18 नवंबर से रेवा रोड एनएच-722 को अनिश्चितकाल के लिए जाम किया जाएगा।
अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन एक सप्ताह में रौतिनिया की इस गंभीर समस्या का समाधान कर पाएगा, या ग्रामीणों को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा?
#TirhutNow #RautiniaDumpingPoint #MuzaffarpurNews #AjitKumarMLA #NH722