
सोता रहा बिजली विभाग, 33 केवीए लाइन से 1100 मीटर तार चोरी
पांच महीने से खराब पड़ी लाइन बनी चोरों का निशाना, दो लाख रुपये का तार काटकर ले गए चोर
मोहम्मदाबाद, फर्रुखाबाद। बिजली विभाग की लापरवाही का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मोहम्मदाबाद-नींव करोरी फीडर से जरारी जाने वाली 33 केवीए विद्युत लाइन से करीब 1100 मीटर तार चोरी कर लिया। चोरी गए तार की कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई जा रही है।
बताया गया कि यह विद्युत लाइन पिछले पांच-छह महीने से खराब पड़ी थी। सोमवार रात चोरों ने छह विद्युत पोलों के बीच का तार काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। आसपास बबूल का जंगल और खेत होने के कारण क्षेत्र में रात के समय आवाजाही कम रहती है, जिसका फायदा चोरों ने उठाया।
तार चोरी की जानकारी लाइनमैन नितिन को हुई, जिसके बाद उन्होंने जहानगंज के लाइनमैन विजय मिश्रा को सूचना दी। जानकारी उच्चाधिकारियों तक पहुंचने पर जरारी के जेई विजय शंकर यादव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जेई ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई है।
प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार मलिक ने बताया कि घटनास्थल के पास ट्यूबवेल पर सो रहे एक व्यक्ति ने चोरों को तार काटते हुए देखा है। उससे पूछताछ की जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में तार ले जाने के लिए बड़े वाहन के इस्तेमाल की आशंका है।
बिजली विभाग की निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल
पांच-छह महीने से खराब पड़ी लाइन से 1100 मीटर तार चोरी हो जाना विभागीय निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। अब पुलिस जांच के बाद ही साफ होगा कि इस वारदात में कौन-कौन लोग शामिल थे।
#मोहम्मदाबाद #फर्रुखाबाद #33केवीएलाइन #तारचोरी #बिजलीविभाग #विद्युतचोरी #जरारी #नींवकरोरी #पुलिसजांच #लापरवाही #स्थानीयसमाचार #BreakingNews #FarrukhabadNews #MohammadabadNews #ElectricityDepartment #NewsUpdate