
राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए विभागों को दिए दिशा-निर्देश
12 सितंबर को होगी राष्ट्रीय लोक अदालत, प्री-लिटिगेशन मामलों के निस्तारण पर जोर
उरई (जालौन)। आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की गई। जनपद न्यायाधीश विरजेन्द्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में हुई बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव/अपर जिला जज राजीव सरन ने बताया कि उच्चतम न्यायालय एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 12 सितंबर को जिला दीवानी न्यायालय उरई सहित बाह्य स्थित न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक प्री-लिटिगेशन मामलों का निस्तारण कराया जाना प्राथमिकता है।
उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग, जिला विद्यालय निरीक्षक, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान और राजकीय पॉलिटेक्निक के अधिकारियों से अपने-अपने विभागों के माध्यम से राष्ट्रीय लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा मामलों के निस्तारण में सहयोग करने को कहा। उन्होंने कहा कि लोक अदालत की सफलता के लिए सभी विभागों के परिणामोन्मुखी और सार्थक प्रयास आवश्यक हैं।
बैठक में मौजूद अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पण्डित, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की प्राचार्य मानसिंह भारती तथा राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रवक्ता एवं प्रतिनिधि ऋषिकांत त्रिपाठी मौजूद रहे।
Orai, Jalaun | Sep 3, 2026