मुख्यमंत्री के कल देवास आने की संभावना, पॉलिटेक्निक कॉलेज में करेंगे जनसंवाद; प्रशासन तैयारियों में जुटा
देवास। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शुक्रवार, 27 नवंबर को देवास आने की संभावना है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में जन विश्वास अभियान के माध्यम से आमजन से सीधे संवाद कर सकते हैं। उनके संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आम नागरिकों की समस्याएं सुनने के साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का फीडबैक ले सकते हैं। जन विश्वास अभियान के तहत कार्यक्रम में जिले के अधिकारियों की मौजूदगी भी रहेगी।
हालांकि, मुख्यमंत्री के दौरे और कार्यक्रम का आधिकारिक विस्तृत कार्यक्रम फिलहाल सार्वजनिक रूप से पुष्ट नहीं हो सका है।