
• सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
• 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक जिले में होंगी विभिन्न सेवा एवं जनभागीदारी गतिविधियां
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों के संबंध में सीहोर जिले के प्रभारी रेशम उत्पादन आयुक्त श्री मोहित बुंदस की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान की सभी तैयारियां समय पूर्व पूर्ण करने तथा विभिन्न गतिविधियों की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान में जनप्रतिनिधियों के साथ ही अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि सेवा संकल्प अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने सीहोर जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सेवा, स्वच्छता, सामाजिक सहभागिता, हितग्राही कल्याण, युवा नवाचार एवं नागरिक दायित्व से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने समाज में आये बदलाव की जानकारी जनसामान्य तक पहुंचाने के बारे में जानकारी दी।
बैठक में बताया गया अभियान के तहत आशीर्वाद का दीया, सेवा चित्र, ‘सेवा स्मरण, आंगन का मिलन, कहानी बदलाव की’ और सेवा ज्योति यात्रा’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं ‘सेवा मेरा योगदान के तहत नागरिकों को रक्तदान वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, प्लास्टिक-मुक्त जागरूकता, महिला स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, नशा-मुक्ति, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता सहित 25 प्रमुख सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। सेवा सेतु सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से विधानसभा एवं विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित कर पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवेदन, दस्तावेज एवं आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही युवाओं को हैकाथॉन एवं इनोवेशन चैलेंज से जोड़ा जाएगा तथा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान भी आयोजित होंगे।
अभियान के दौरान आयोजित गतिविधियों की गतिविधिवार मॉनिटरिंग की जाएगी। केवल कार्यक्रमों की संख्या ही नहीं, बल्कि उनसे प्राप्त वास्तविक परिणाम, लाभान्वित हितग्राहियों, स्वयंसेवकों की सहभागिता तथा फोटो-वीडियो दस्तावेजीकरण भी दर्ज किया जाएगा। कलेक्टर द्वारा अभियान की नियमित समीक्षा की जाएगी। बैठक में अपर कलेक्टर श्री ब्रजेश सक्सेना सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
सेवा मेरा योगदान’ में 25 गतिविधियों से जुड़ेंगे नागरिक
बैठक में बताया गया कि अभियान के दौरान ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिकों को 25 प्रमुख सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इनमें रक्तदान, अनाथालय, वृद्धाश्रम भ्रमण, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, एक गांव गोद लेकर सेवा कार्य, योग-ध्यान, प्लास्टिक-मुक्त जागरूकता, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, वंचित बच्चों को शिक्षा सहयोग, करियर काउंसलिंग, वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता, अंगदान संकल्प, नशा-मुक्त भारत, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण एवं जल स्रोत सफाई, कचरा पृथक्करण एवं कम्पोस्टिंग, साइबर सुरक्षा, फिट इंडिया, वीर गाथा एवं सैनिक सम्मान, दिव्यांगजन सहयोग, मतदाता जागरूकता एवं पंजीयन, वोकल फॉर लोकल और सरकारी योजनाओं की जागरूकता शामिल हैं। नागरिकों को स्वप्रेरणा से सेवा गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। सेवा कार्यों का फोटो-वीडियो दस्तावेजीकरण और सोशल मीडिया प्रचार होगा। चयनित गतिविधियों के बिफोरध्आफ्टर वीडियो रील माई भारत पोर्टल पर अपलोड कर डिजिटल प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के लिए भी नागरिकों को प्रेरित किया जाएगा। नदी घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान होंगे तथा श्रमदान करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore