
एमएलसी चुनाव में मतदाता सूची पर बवाल! अजब-गजब नामों वाली पर्चियां वायरल, जिम्मेदार कौन?
#लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लखनऊ खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को मतदान के बीच मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मतदान के दिन सामने आ रही शिकायतों में मतदाताओं के नाम और उनके पिता के नाम में त्रुटियों के आरोप शामिल हैं। वायरल हो रही कुछ मतदाता पर्चियों में पिता के नाम के स्थान पर ‘भिखारी’ दर्ज होने का दावा किया जा रहा है। वहीं, कुछ मतदाताओं ने अपने निवास से संबंधित विवरणों में गड़बड़ी होने और मतदान में परेशानी की आशंका जताई है।
सॉफ्टवेयर की गलती बताने पर उठे सवाल:
बताया जा रहा है कि निर्वाचन संबंधी गड़बड़ियों के लिए सॉफ्टवेयर की त्रुटि का हवाला दिया जा रहा है। हालांकि, सवाल यह है कि मतदाता सूची तैयार करने और उसके सत्यापन की प्रक्रिया में ऐसी गलतियां कैसे रह गईं? यदि शिकायतें सही हैं, तो मतदान से पहले उनका समुचित निस्तारण क्यों नहीं हो सका?मतदान के दिन ऐसी त्रुटियों के कारण कुछ मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने में परेशानी होने की आशंका है। ऐसे में निर्वाचन व्यवस्था की जवाबदेही और मतदाता सूची की शुद्धता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
जिम्मेदारी तय होगी या मामला सॉफ्टवेयर पर डालकर छोड़ दिया जाएगा?
मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठ रही है। लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मतदाता सूची की शुद्धता बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में निर्वाचन आयोग से अपेक्षा है कि वह शिकायतों की जांच कराए, प्रभावित मतदाताओं की समस्याओं का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करे और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय करे।
#TheTelecast.
Hardoi, Hardoi | Oct 23, 2026