
ओवरलोडिंग, नशे में ड्राइविंग और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर बढ़ेगी कार्रवाई; नाबालिग वाहन चालकों पर भी शिकंजा
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)जिले में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने को लेकर जिला प्रशासन ने अब सख्ती का रुख अपनाया है। जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर बने सभी अवैध कट तत्काल बंद करने, उनकी संयुक्त जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा हादसों के लिहाज से चिन्हित राष्ट्रीय राजमार्ग के 23 और शहरी क्षेत्र के 9 ब्लैक स्पॉट का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए गए। कोठारी नदी स्थित भदाली खेड़ा पुलिया सहित चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थानों पर स्थायी सुधार कार्य कराने को कहा गया।
अंडरपास से लेकर स्कूलों तक सुरक्षा के इंतजाम
एनएच के अंडरपास की सर्विस रोड पर स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप और मिरर लगाने के निर्देश दिए गए। एनएचएआई को अवैध दुकानों के अक्षांश-देशान्तर उपलब्ध कराने तथा राइट ऑफ वे (ROW) में संचालित अवैध शराब की दुकानों का संयुक्त सर्वे कर उन्हें हटाने के निर्देश दिए गए।
शहर के स्कूलों, मंदिरों, सामुदायिक भवनों और मैरिज गार्डन के आसपास जेब्रा क्रॉसिंग, रंबल स्ट्रिप, रोड लाइनिंग और चौराहा विकास कराने के साथ रंग-रोगन एवं सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया। दीपावली से पहले शहर की सड़कों पर जंगल सफाई, पेच रिपेयर और व्हाइट लाइनिंग का काम पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
नाबालिग वाहन चालकों पर होगी कार्रवाई
स्कूलों में 18 वर्ष से कम उम्र के विद्यार्थियों द्वारा वाहन लाने पर चालान के साथ अभिभावकों को समझाइश देने के निर्देश दिए गए। स्कूल वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने पर भी कार्रवाई के निर्देश हैं। ट्रैफिक पार्क के माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
हादसे में मदद करने वालों को मिलेगा प्रोत्साहन
गुड सेमिरिटन योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए प्रमुख स्थानों पर बैनर-पोस्टर लगाने तथा नुक्कड़ नाटक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। राहवीर योजना के तहत सड़क हादसों में घायल लोगों के उपचार से संबंधित प्रस्ताव भिजवाने को कहा गया। वहीं IRAD सॉफ्टवेयर पर लंबित प्रविष्टियों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश पुलिस विभाग को दिए गए।
नो-पार्किंग और गलत दिशा में चलने वालों पर शिकंजा
राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों के नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने और विपरीत दिशा में वाहन चलाने वालों पर चालान, लाइसेंस निलंबन और लगातार पेट्रोलिंग की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, अर्थमूवर्स सहित अन्य वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने के लिए जिला परिवहन विभाग और नगर निगम को 15 दिवसीय विशेष कैंप आयोजित करने को कहा गया।
आवारा पशुओं और अतिक्रमण से भी मिलेगी राहत
शहर की सड़कों से निराश्रित पशुओं एवं आवारा स्वानों को क्रमशः काईन हाउस और डॉग शेल्टर पहुंचाने के निर्देश दिए गए। चौराहों से अतिक्रमण हटाकर सौंदर्यीकरण कराने को कहा गया। शिवाजी गार्डन पर ट्रांसफार्मर एवं थड़ियों को हटाने तथा तेज गति से वाहन चलाने और स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ओवरलोडिंग और नशे में ड्राइविंग पर सख्ती
बैठक में ओवरलोड वाहनों तथा सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बिना हेलमेट वाहन चलाने और शराब के नशे में ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ चालान कार्रवाई बढ़ाने को कहा गया। जिले में प्रवेश करने वाले ओवरलोड वाहनों के आवागमन का समय निर्धारण करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि सड़क सुरक्षा केवल विभागीय जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रशासन, पुलिस, परिवहन, नगर निगम और आमजन के साझा प्रयासों से ही सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।