
कृषि रोड-मैप के तहत किसानों को अमरूद एवं आम के फलोद्यान की उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण
कृषि रोड-मैप के तहत विकासखंड भैरूंदा में उद्यानिकी विभाग द्वारा कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान (CISH), लखनऊ के वैज्ञानिकों ने चयनित किसानों को अमरूद एवं आम के फलोद्यान की स्थापना, प्रबंधन एवं उत्पादन बढ़ाने की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी।
प्रशिक्षण में CISH लखनऊ के वैज्ञानिक डॉ. के. के. श्रीवास्तव ने जलवायु के अनुरूप अमरूद एवं आम उत्पादन, सघन फलोद्यान तथा उत्पादन वृद्धि की तकनीकों के बारे में बताया। डॉ. अंशुमन सिंह ने उन्नत किस्मों, गुणवत्ता, भंडारण, उर्वरक एवं सिंचाई प्रबंधन के साथ अमरूद में प्रूनिंग एवं ट्रेनिंग तकनीक की जानकारी दी। डॉ. दीपक सिंह ने कीट एवं रोग नियंत्रण के लिए जैविक एवं रासायनिक उपायों के बारे में किसानों को प्रशिक्षित किया।
प्रशिक्षण के बाद अधिकारियों, वैज्ञानिकों एवं किसानों ने ग्राम सोंठिया के कृषक चन्द्रवीर सिंह के 40 एकड़ क्षेत्र में लगे आम एवं अमरूद के फलोद्यान का भ्रमण कर व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में सहायक संचालक उद्यान श्री जगदीश सिंह मुजाल्दा, वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी श्री विजय कुमार वारिवा सहित भैरूंदा, बुधनी एवं इछावर के विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore