
गांधी नगर में दूषित पेयजल की समस्या 2-3 दिनों में होगी दूर, कलुआचक में 30 नवंबर तक लगेगा ट्रांसफॉर्मर
जहानाबाद :
राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम में मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जहानाबाद जिले से जुड़ी दो जनशिकायतों की सुनवाई की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ीं डीएम छिरिङ वाई भूटिया ने जिले की समस्याओं से संबंधित जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने गांधी नगर मोहल्ले में दूषित पेयजल की समस्या को दो से तीन दिनों में दूर करने तथा कलुआचक गांव में 30 नवंबर तक ट्रांसफॉर्मर लगाने का निर्देश दि
पहला मामला नगर परिषद के वार्ड संख्या 10 स्थित गांधी नगर मोहल्ले का था। यहां के निवासी मो. अफरोज अंसारी ने गंदे एवं दूषित पानी की आपूर्ति की शिकायत की थी। इस पर मुख्यमंत्री ने नगर विकास एवं आवास विभाग को अगले दो से तीन दिनों के भीतर समस्या का समाधान कराने का निर्देश दिया।
वहीं, दूसरा मामला जहानाबाद प्रखंड की मंडे बिगहा पंचायत के कलुआचक गांव का था। यहां के निवासी रामाशीष सिंह ने कृषि कार्य के लिए विद्युत पोल, तार और ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध नहीं होने की शिकायत की थी। खेत में धान की फसल लगी होने के कारण कार्य पूरा नहीं हो पाया था। मुख्यमंत्री ने ऊर्जा विभाग को धान की कटाई के बाद 30 नवंबर 2026 से पहले ट्रांसफॉर्मर लगाने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को दोनों मामलों में निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई पूरी करने को कहा। उन्होंने सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को जनशिकायतों का गंभीरता से निपटारा करने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि शिकायतों का निष्पादन केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आम लोगों की समस्याओं का वास्तविक समाधान होना चाहिए। जनसमस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निपटारा जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।