
चंदू पटवारी की संदिग्ध मौत पर अग्रवाल समाज का आक्रोश, निष्पक्ष जांच की मांग,
एसडीएम कार्यालय में सौंपा ज्ञापन, फॉरेंसिक टीम और विशेष जांच दल से जांच कराने की उठाई मांग; न्याय नहीं मिलने पर बाजार बंद कर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी।
हिण्डौन सिटी।
वरिष्ठ वस्त्र व्यापारी एवं अग्रवाल समाज समिति के सदस्य स्व. चन्द्र प्रकाश पटवारी उर्फ चंदू पटवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के मामले में निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग तेज हो गई है। शनिवार को अग्रवाल समाज हिण्डौन सिटी की ओर से समाज अध्यक्ष सत्येंद्र आर्य के नेतृत्व में उप जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान समाज के लोगों ने विरोध जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि स्व. चन्द्र प्रकाश पटवारी का शव 12 अक्टूबर को जलसेन तालाब में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। घटना के बाद से व्यापारी वर्ग और अग्रवाल समाज में गहरी चिंता एवं रोष व्याप्त है। परिजनों और समाजजनों ने प्रॉपर्टी संबंधी विवाद सहित अन्य पहलुओं को लेकर आशंका जताई है। समाज ने प्रशासन से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की।
फॉरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग
अग्रवाल समाज समिति ने मांग की कि मामले की जांच फॉरेंसिक टीम एवं विशेष जांच दल (एसआईटी) से कराई जाए। शहर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की गहनता से जांच की जाए तथा प्रॉपर्टी विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं को निष्पक्षता से खंगाला जाए। इसके साथ ही पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट शीघ्र सार्वजनिक करने तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग भी उठाई गई।
न्याय नहीं मिला तो बाजार बंद कर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
समाज पदाधिकारियों ने कहा कि अग्रवाल समाज शांतिप्रिय समाज है और उसे प्रशासन से न्याय की पूरी उम्मीद है। हालांकि, यदि मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच नहीं होती है, तो समाज हिण्डौन बाजार बंद कर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगा। समाज ने प्रशासन से प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र उचित कार्रवाई करने की अपील की।
ये रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान समाज अध्यक्ष सत्येंद्र आर्य, अग्रसेन शिक्षा प्रसार समिति के पूर्व अध्यक्ष रामदयाल पटवारी, महामंत्री एडवोकेट लक्ष्मण गोयनका, अग्रसेन शिक्षा प्रसार समिति के पूर्व महामंत्री प्रकाश खेड़िया, तहसील अध्यक्ष रामचरण चुरारी, जिला महामंत्री डॉ. आनंद सहित अग्रवाल समाज के अनेक लोग मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित करने की मांग उठाई।