वजीरपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: विशेष अभियान में 16 गिरफ्तार
वजीरपुर। पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर जेष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत वजीरपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में अवैध हथियार से लेकर स्कूल में चोरी, सार्वजनिक स्थान पर तेज आवाज में डेक-स्पीकर बजाने, मारपीट, जुआ तथा वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई शामिल रही।
थाना वजीरपुर पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को अवैध पिस्टल व एक जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया। वहीं सार्वजनिक स्थान पर तेज आवाज में डेक-स्पीकर चलाने पर एक ट्रैक्टर चालक के खिलाफ राजस्थान ध्वनि नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्कूल के अंदर घुसकर प्रधानाचार्य कार्यालय का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया। इसके अलावा घर में घुसकर मारपीट करने के आरोप में 7 महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
इसी अभियान के दौरान जुआ अधिनियम के तहत एक आरोपी, न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट के मामले में दो वारंटी तथा शांति भंग के आरोप में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर, वृत्ताधिकारी गंगापुर सिटी के निकटतम पर्यवेक्षण एवं थाना वजीरपुर पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Gangapur, Sawai Madhopur | Aug 21, 2026